90 साल की वृद्धा को चढ़नी पड़ी 50 सीढ़ियां, लिफ्ट खराब मिलने पर मेयर ने अफसरों को लगाई फटकार
लखनऊ| में तालकटोरा के दरियाबाद निवासी 90 वर्ष की विशुना शुक्रवार सुबह नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं। उनके एक कमरे के घर का तीन वर्ष से 972 रुपये का टैक्स नहीं जमा था। गृहकर से राहत की उम्मीद में पहुंचीं विशुना का दर्द मुख्यालय की खराब लिफ्ट ने बढ़ा दिया। जैसे-तैसे करके वह करीब 50 सीढ़ियां चढ़कर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं। उन्होंने अव्यवस्था के बारे में महापौर को बताया तो उन्होंने अधिकारियों को फटकारते हुए कहा कि आप लोगों की मानवता खत्म हो चुकी है। इसके साथ ही समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस पर लोग सीवर, सफाई, टैक्स सहित अन्य समस्याएं लेकर पहुंचे थे। लिफ्ट खराब होने से सभी को सीढ़ियां चढ़कर दूसरी मंजिल पर आयोजित समाधान दिवस तक पहुंचना पड़ा। इस दौरान बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। विशुना ने महापौर सुषमा खर्कवाल को बताया कि उनके परिवार में और कोई नहीं है। इस कारण उन्हें अकेले ही दौड़-भाग करनी पड़ती है। यह भी बताया कि उनके पास टैक्स जमा करने के पैसे भी नहीं हैं। उन्हें समस्या के निस्तारण का आश्वासन मिला।
कुर्सी पर बिठाकर नीचे ले गए
सीढ़ियां चढ़ने में वजीरगंज की रामदुलारी की तबीयत खराब हो गई। उन्होंने महापौर को बताया कि हाउस टैक्स ठीक करवाने के लिए पहुंची थीं, लेकिन यहां सीढ़ी चढ़ने में उनकी हालत बिगड़ गई। उनका 15 हजार रुपये गृहकर आया था। वापसी में सुरक्षाकर्मियों ने कुर्सी पर बिठाकर रामदुलारी को नीचे पहुंचाया। उन्हें भी समस्या के निस्तारण का आश्वासन मिला।
गिनीज बुक में दर्ज होगा मामला
स्टेशन रोड निवासी अशोक कुमार भार्गव ने बताया कि उनकी दुकान वर्ष 2003 से 2013 और 2021 से 2025 तक बंद थी। इस दौरान हाउस टैक्स माफ किया गया था, लेकिन जब दुकान खुली तो डेढ़ लाख रुपये टैक्स लगा दिया गया। हृदयरोगी अशोक कुमार ने बताया कि प्रकरण की 12 फाइलें बन चुकी हैं। इनमें से एक खो भी गई। नगर निगम को इसकी एफआईआर करानी चाहिए। आरोप लगाया कि उनके पिता के जाली दस्तखत भी कर दिए गए। अशोक कुमार ने भी लिफ्ट न चलने की शिकायत की।
लागू होगा मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम
संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण अब मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम से होगा। अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने बताया कि इसमें शिकायतकर्ताओं के नाम, मोबाइल नंबर और संबंधित विभाग के नाम दर्ज होंगे। संबंधित विभाग के पास शिकायतें जाएंगी, जिसकी ऑनलाइन निगरानी होगी। समस्या के निस्तारण की स्थिति मेयर व नगर आयुक्त ट्रैक कर सकेंगे।
अपर नगर आयुक्त बोले- लिफ्ट जल्द सही कराई जाएगी
अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण लिफ्ट काम नहीं कर रही थी। संबंधित कंपनी से जानकारी ली जाएगी। लिफ्ट दो हफ्तों से इसलिए नहीं बन सकी, क्योंकि मेंटेनेंस के लिए आए रेट को लेकर दिक्कतें थीं। नगर आयुक्त का निर्देश मिला है, लिफ्ट जल्द सही कराई जाएगी।
220 शिकायतें मिलीं
संपूर्ण समाधान दिवस में 220 शिकायतें आईं। इनमें गृहकर से जुड़ीं 140 आपत्तियां, जलकल से संबंधित 22 शिकायतें दर्ज की गईं। 58 शिकायतें सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, सड़क व गली मरम्मत, सीवर व ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण एवं जलापूर्ति से संबंधित प्राप्त हुईं। इनकी भी सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बुलडोजर के साथ नामांकन भरने पहुंचे भाजपा उम्मीदवार, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
आरोपों की बौछार के बीच, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने उतारी स्टार प्रचारकों की फौज
उज्जैन की विक्रम यूनिवर्सिटी एग्जाम में ‘अल्लाह’ सवाल पर बवाल
ईरान युद्ध का असर: पाकिस्तान में हालात बिगड़े, Shehbaz Sharif ने आज रात से लॉकडाउन का किया ऐलान
उमा भारती ने टीकमगढ़ में पोहे-जलेबी बेचकर जताया विरोध
कांग्रेस से निष्कासन के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने बनाई भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी
मोहन कैबिनेट की बड़ी बैठक: अहम प्रस्तावों को मंजूरी, छात्रों और किसानों के लिए राहत भरे फैसले
बारामती उपचुनाव में गरमाई विरासत की सियासत, सुनेत्रा पवार ने अजित पवार के काम आगे बढ़ाने का वादा किया
वीरेंद्र सहवाग ने अजिंक्य रहाणे पर साधा निशाना, दी हद में रहने की सलाह
बोर्ड एग्जाम में टीचर्स को मिला अजीबोगरीब मैसेज, छात्र ने कहा- “साली से शादी करा दूंगा”